फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिरौली की रहने वाली एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर घर में घुसकर पति-पत्नी के साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता पूजा पत्नी संजय शर्मा द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, 2 जुलाई की शाम करीब 8:30 बजे उसके पति संजय शर्मा घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसी अतुल पुत्र गोपी, साधना पत्नी गोपी और निधि पुत्री गोपी कथित रूप से घर में घुस आए और संजय शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि संजय शर्मा के हृदय में स्टेंट पड़ा हुआ है, इसके बावजूद उनकी छाती और आंख पर घूंसे मारे गए। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट की गई तथा उसका गला दबाने का प्रयास किया गया। मारपीट के दौरान महिला का कान का कुंडल गिर गया और उसके पति की जेब से लगभग तीन हजार रुपये भी गिर गए।
पीड़िता का आरोप है कि शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को तहरीर दे दी गई है। कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
