फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। जनपद में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग ने पूरी तरह कमर कस ली है। बुधवार से शुरू हुए तीन दिवसीय विशेष अभियान "मिशन सेफ फ्यूचर" के पहले ही दिन संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए जिले में हड़कंप मचा दिया। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान नियम विरुद्ध दौड़ रहे कुल 107 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 10 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। विभाग द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई के तहत उल्लंघनकर्ताओं पर कुल 3,63,500 रुपये का जुर्माना (शमन शुल्क) अधिरोपित किया गया है।
यह विशेष अभियान कासगंज में 8 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के पहले दिन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राम प्रकाश मिश्रा तथा यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख और व्यस्ततम इलाकों—राजकोल्ड तिराहा, बिलराम गेट चौराहा और नदरई गेट पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने हर आने-जाने वाले संदिग्ध और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों की बारीकी से जांच की।
चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनाधिकृत रूप से संचालित हो रहे वाहनों पर सबसे सख्त रुख अपनाया। टीम ने बिना वैध परमिट और पंजीकरण के चल रहे 07 स्कूल वाहनों का चालान किया, जबकि स्कूल कार्य में लगे 05 निजी वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया। इसके साथ ही परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों व प्रबंधकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने वाहनों का कमर्शियल (व्यवसायिक) रजिस्ट्रेशन कराकर वैध परमिट जल्द से जल्द प्राप्त कर लें, अन्यथा भविष्य में और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।स्कूली वाहनों के अलावा सड़क पर नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे अन्य व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ भी गाज गिरी। बिना परमिट, बिना फिटनेस और क्षमता से अधिक माल लादे (ओवरलोड) पाए जाने पर 05 यात्री एवं मालवाहक वाहनों को जब्त कर बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई आगामी 10 जुलाई तक लगातार जारी रहेगी। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें और अपने वाहनों के सभी दस्तावेज पूरे रखें, क्योंकि नियम विरुद्ध पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
