आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, सामाजिक सद्भाव, समानता, सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग संगठन की मजबूत आधारशिला है और संगठन सृजन अभियान के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जिले में सक्रिय एवं सशक्त संगठन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सेवा, समर्पण, पारदर्शिता और संवैधानिक मूल्यों की पक्षधर रही है तथा शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना ही पार्टी की प्राथमिकता है।
महंगाई और बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते हुए मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि गरीब, मजदूर, दलित और वंचित वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्होंने सरकार से रोजगार के व्यापक अवसर सृजित करने और जनहित में ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि सम्मानजनक रोजगार ही गरीबों के जीवन में खुशहाली और देश को वास्तविक अर्थों में विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने का आधार बनेगा। रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
