फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड गदरपुर। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार के संकल्प को साकार करते हुए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 'सेवा सप्ताह' के अंतर्गत एक दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि गदरपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर (मिन्टू) ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा ही संसार का सर्वोच्च धर्म है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विशेषज्ञ शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होती हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया कि वे जागरूक होकर इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। चिकित्सा शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने क्षेत्र से आए सैकड़ों मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को रोग से बचाव की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस लोक-कल्याणकारी पहल को सराहा और पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य रूप से सभासद अश्वनी कुमार, रमन छाबड़ा, सभासद प्रतिनिधि सलीम बाबा, दीपक ग्रोवर, आकाश कोचर सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। शाहनूर अली 151045804

