अपराध समीक्षा बैठक में एसपी आकाश पटेल का कड़ा संदेश; 3 थानाध्यक्ष बदले, 23 पुलिसकर्मी दंडित, चौकी इंचार्ज निलंबित, 12 जवान सम्मानित
चन्दौली। जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि अब केवल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उनके पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने संगठित गोवंश तस्करी, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण और निरोधात्मक पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला गोवंश तस्करी के विरुद्ध लिया गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि हर मामले में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक एनालिसिस कर तस्करी के पूरे नेटवर्क, मास्टरमाइंड और किंगपिन तक पहुँचा जाए। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध संपत्तियों की कुर्की भी प्राथमिकता पर की जाएगी।
समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर 23 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई, जबकि लगातार वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रहने पर कस्बा चन्दौली चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
अपराध नियंत्रण और कार्यप्रणाली के आधार पर अलीनगर, धानापुर और कंदवा के थानाध्यक्षों को हटाकर नए थाना प्रभारियों की तैनाती की गई। एसपी ने दो टूक कहा कि थाना प्रभारियों का मूल्यांकन अब अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, कानून-व्यवस्था और जनता की संतुष्टि के आधार पर होगा। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मान मिलेगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बैठक में हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी, रात्रि गश्त बढ़ाने, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष अभियान चलाने, 'पाबंदी पोर्टल' का प्रभावी उपयोग करने तथा जनशिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। लंबित विवेचनाओं और न्यायालयीय कार्यवाहियों में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें हत्या का 36 घंटे में खुलासा करने वाली टीम, गोवंश तस्करों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने वाली पुलिस टीम, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करने वाले अधिकारी तथा 13 वर्ष से फरार अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि "जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आमजन को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रिपोट - सन्दीप मौर्या 151000146
