मुख्यमंत्री योगी ने प्रतापगढ़ को दी 111 विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले— आंवला नगरी बनेगी विकास की नई पहचान
₹384.71 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी प्रतापगढ़ की तस्वीर, मुख्यमंत्री योगी ने किया लोकार्पण व शिलान्यास
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ दौरे के दौरान जनपद को ₹384.71 करोड़ की 111 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर 55 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 56 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, आयुष्मान कार्ड, आवास की चाबी, सिलाई मशीन और अन्य सहायता सामग्री वितरित की। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीर भूमि है, जहां बाबू गुलाब सिंह ने आजादी का शंखनाद किया था। उन्होंने कहा कि यह जनपद मां बेल्हा देवी, मां चंद्रिका देवी, भयहरणनाथ धाम और घुसमेश्वरनाथ धाम जैसी आस्था स्थलों के कारण पौराणिक काल से ही आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान रखता है। मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ के आंवला किसानों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यहां के किसानों ने अमृत फल आंवले को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले प्रतापगढ़ पिछड़े जिलों में गिना जाता था, लेकिन आज विकास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। प्रदेश में करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, आवास, उज्ज्वला और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने "वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया" दिया था, जबकि वर्तमान सरकार ने "वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट" और "वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज" की सोच को साकार किया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बीपीएससी टॉपर श्रद्धा पांडेय को आईपैड देकर सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, पीएम कुसुम, पीएम स्वनिधि और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल, शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा, जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सूचना विभाग के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
