हरदोई जिले के टोडरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बूढ़नपुर में परिवार रजिस्टर की नकल जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। एक ग्रामीण ने ग्राम पंचायत के सहायक अधिकारी पर 50 रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि इस बातचीत का कॉल रिकॉर्ड भी उसके पास मौजूद है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामला टोडरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बूढ़नपुर के मजरा बरेला का है। यहां के निवासी आशाराम का आरोप है कि वह परिवार रजिस्टर की नकल बनवाने के लिए ग्राम पंचायत के सहायक अधिकारी के पास गए थे। अधिकारी ने उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा।
आशाराम का कहना है कि जब वह दूसरे दिन नकल लेने पहुंचे तो सहायक अधिकारी ने उनसे 50 रुपये की मांग की। आरोप है कि अधिकारी ने कहा कि यदि 50 रुपये नहीं दिए गए तो परिवार रजिस्टर की नकल नहीं दी जाएगी। पीड़ित का यह भी दावा है कि इस बातचीत का कॉल रिकॉर्ड उसके पास मौजूद है, जिसे वह साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने को तैयार है। रिपोट - विनीत कुमार गुप्ता 151186961
