फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 जुलाई को प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस लाइन मैदान स्थित प्रस्तावित हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी ने हेलीपैड, वीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा घेरे तथा आपातकालीन निकासी मार्ग का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। सुरक्षा के प्रत्येक मानक का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे। ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले पुलिस बल एवं अधिकारियों की ब्रीफिंग और आपातकालीन तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने एडीजी को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएंगी। निरीक्षण के दौरान जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
