फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। अमांपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सहावर रोड पर स्थित बनूपुरा-हरथरा रजवाह के पास सोमवार सुबह एक मार्बल और टाइल्स मिस्त्री का शव नीम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह और सब-इंस्पेक्टर जगदीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त क्षेत्र के गांव जारई निवासी 35 वर्षीय श्याम सुंदर यादव (पुत्र रामप्रकाश) के रूप में की गई। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, श्याम सुंदर पिछले कुछ समय से भारी आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में था। उस पर किसान क्रेडिट कार्ड समेत लगभग 10 लाख रुपये का कर्ज था, जिसे लेकर वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। रविवार की रात को इसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी रजनी से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया और रातभर वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने उसका शव गमछे के सहारे पेड़ से लटका हुआ देखा। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस असमय मौत से मृतक की पत्नी रजनी का रो-रोकर बुरा हाल है। श्याम सुंदर अपने पीछे एक बेटा जितेंद्र और दो बेटियां शिखा व अंशिका छोड़ गया है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने व वैधानिक कार्रवाई के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
