-
- पाइपलाइन परियोजना की जद में आए 300 से अधिक दुकानदार, पहले ही जारी हो चुके थे नोटिस
- काम की धीमी रफ्तार से दुकानदार परेशान, फिर लगाने लगे टीन शेड
- पेयजल पाइपलाइन के लिए 50 से अधिक पक्के निर्माणों पर मंडराया खतरा
- एन ब्राइट कंपनी बोली—नाले से 5 मीटर दूरी छोड़कर बिछाई जा रही है पाइपलाइन
- जनहित की परियोजना के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से व्यापारियों में चिंता
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के बानमोर में चंबल से ग्वालियर तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो गया है। परियोजना के चलते कई दुकानदारों और मकान मालिकों पर अतिक्रमण हटाने का दबाव है। कुछ लोगों ने पहले ही अस्थायी निर्माण हटा दिए थे, लेकिन काम की धीमी गति से अब दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। एन ब्राइट कंपनी द्वारा चंबल से ग्वालियर तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए करीब छह माह पहले मुरैना कलेक्टर लोकेश जांगिड़ के निर्देश पर प्रशासन और एनएच-44 हाईवे अथॉरिटी ने क्षेत्र का सीमांकन कर अतिक्रमण वाले स्थानों पर लाल निशान लगाते हुए 300 से अधिक दुकानदारों को नोटिस जारी किए थे।
नोटिस मिलने के बाद कई दुकानदारों ने अपने अस्थायी टीन शेड और अन्य अतिक्रमण हटा दिए। लेकिन परियोजना का कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ने के कारण बारिश के मौसम में दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने फिर से टीन शेड लगाना शुरू कर दिया है।
एन ब्राइट कंपनी के इंजीनियर रजत शाक्य के अनुसार, हाईवे अथॉरिटी द्वारा पूर्व में बनाए गए गंदे पानी के नाले से पांच मीटर की दूरी छोड़कर पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिंधिया मार्केट से फूलगंज पुलिया होते हुए गंगाराम का पुरा तक करीब 50 से अधिक दुकानदारों के पक्के निर्माण इस परियोजना की जद में आ सकते हैं। ऐसे में स्थानीय व्यापारियों में भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं प्रशासन का कहना है कि परियोजना जनहित से जुड़ी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। देखे शिव शंकर शिवहरे की रिपोट
20260704161359958852188.mp4
20260704161421421707576.mp4
20260704161440346100385.mp4
20260704161455342537810.mp4
