फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वर्ष 2021 बैच के प्रतिभाशाली छात्र फैजुल्लाह ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर देश की प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) में चयनित होकर विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। फैजुल्लाह के चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय के प्रबंध तंत्र, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों ने उन्हें बधाई दी। विद्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि यह सफलता केवल फैजुल्लाह की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे न्यू एंजिल्स परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि फैजुल्लाह शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का उत्साह देगी। एंजिल्स परिवार ने फैजुल्लाह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नई सफलताएं प्रदान करें और वे अपने उत्कृष्ट कार्यों से परिवार, विद्यालय तथा समाज का नाम निरंतर रोशन करते रहें। फैजुल्लाह की इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इसे संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में सफलता हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाते रहेंगे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
