फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज l कल गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद जनपद कासगंज में जलभराव की स्थिति विकराल हो गई है। सोरों गेट स्थित अंबेडकर पार्क और मुख्य बाजार (मैन मार्केट) पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने के कारण स्थानीय दुकानदारों, ठेले वालों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।मुख्य बाजार में पानी भर जाने से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थानीय दुकानदारों और ठेले वालों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुँच पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। राहगीरों को भी इस गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पन्नालाल धर्मशाला के पास स्थित मुख्य नाला पूरी तरह से बंद (चोक) हो चुका है, जिसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। आरोप है कि इस विकट स्थिति के बावजूद नगर पालिका प्रशासन की टीम ने अब तक मामले का कोई संज्ञान नहीं लिया है। बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी धरातल पर कोई सुनवाई नहीं हुई है, जिससे जनता में नगर पालिका के खिलाफ भारी आक्रोश है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि "हर बार बारिश में यहाँ यही हाल होता है। नगर पालिका टैक्स तो समय पर लेती है, लेकिन जब नालों की सफाई और जलभराव से राहत देने की बात आती है, तो प्रशासन आँखें मूँद लेता है।"स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन और नगर पालिका के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द बंद पड़े नाले को खुलवाया जाए और पंप लगाकर बाजार से पानी की निकासी कराई जाए, ताकि आम जनमानस को इस नरकीय स्थिति से राहत मिल सके। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069

