फ़ास्ट न्यूज इण्डिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए करीब 300 वाहनों के मंगलवार को चालान किए। अभियान के दौरान पुलिस ने नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों तथा चौकी क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की।
मंगलवार की शाम कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ सड़कों पर पैदल गश्त करते हुए यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराई। इस दौरान दोपहिया वाहनों की विशेष जांच की गई।
अभियान के दौरान एक बाइक पर तीन सवारियां बैठाकर चलने, मॉडिफाइड बाइक का उपयोग करने, वाहन संबंधी दस्तावेजों की कमी तथा यातायात संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप की स्थिति दिखाई दी।
पुलिस के अनुसार यह अभियान जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
कोतवाली प्रभारी ने नागरिकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की। इस दौरान हल्का प्रभारी अजय सिंह, ऋषिपाल सिंह समेत हल्का प्रभारी व स्थानीय पुलिस टीम मौजूद रहीं। रिपोर्ट- सुनील कुमार 151044 750
