फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में प्रतापगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जनपदीय साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना की सक्रिय कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार 19 पीड़ितों को कुल ₹3,85,300.70 की धनराशि वापस दिलाई गई। खाते में धनराशि वापस आने पर पीड़ितों ने राहत की सांस ली और प्रतापगढ़ पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के कुशल निर्देशन तथा साइबर नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) एवं सहायक नोडल अधिकारी/क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर प्राप्त शिकायतों एवं पीड़ितों के प्रार्थना-पत्रों की गंभीरता से जांच की गई। साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना की टीम ने विभिन्न बैंकों, भुगतान कंपनियों और संबंधित संस्थाओं से त्वरित समन्वय स्थापित कर ठगी गई धनराशि को होल्ड कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर पीड़ितों के खातों में वापस कराया। पुलिस के अनुसार वापस कराई गई धनराशि यूपीआई फ्रॉड, इंटरनेट बैंकिंग धोखाधड़ी, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड तथा अन्य ऑनलाइन ठगी के मामलों से संबंधित है। साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण कई मामलों में रकम अपराधियों के खातों से आगे ट्रांसफर होने से पहले ही सुरक्षित करा ली गई, जिससे पीड़ितों को आर्थिक राहत मिल सकी। प्रतापगढ़ पुलिस ने बताया कि साइबर ठग आए दिन फर्जी कस्टमर केयर नंबर, ऑनलाइन शॉपिंग, निवेश, क्रिप्टोकरेंसी, सोशल मीडिया, मैट्रिमोनियल साइट, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कॉल तथा रिमोट एक्सेस एप के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में AnyDesk, TeamViewer, QuickSupport जैसे रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड न करें, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक करने से बचें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। प्रतापगढ़ पुलिस ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करे। समय पर सूचना देने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है। प्रतापगढ़ पुलिस का संदेश है— "एक क्लिक से पहले सोचें, ठगी से खुद को बचाएं। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।" रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
