फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर के मोहल्ला छैपियान (पेच कॉलोनी) में 8 फीट चौड़े सार्वजनिक रास्ते जोकि बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ हैं जब इस रोड पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ता अवरुद्ध होने से उन्हें रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार बरसात के मौसम में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गली में जलभराव हो जाता है। इसके चलते आसपास के मकानों में सीलन बढ़ रही है और कई मकानों में दरारें भी पड़ चुकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस सड़क निर्माण का टेंडर करीब छह माह पहले ही स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराकर शीघ्र सड़क निर्माण कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
