फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। सहावर थाना पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आधार कार्ड (UIDAI) से जुड़ी फर्जीवाड़े की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। टीम ने वैध आधार आईडी की क्लोन आईडी तैयार कर अनधिकृत रूप से आधार कार्ड बनाने और उससे अवैध कमाई करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, मो. अकील सैफी, निवासी ग्राम कनोई, थाना सहावर को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर वैध आधार आईडी की क्लोन आईडी तैयार करने, अनधिकृत रूप से यूआईडीएआई के डेटा तक पहुंच बनाकर आधार कार्ड तैयार करने और देश के विभिन्न स्थानों से इस अवैध नेटवर्क का संचालन करने का आरोप है।गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सहावर में बीएनएस की धारा 335, 336, 337, आईटी एक्ट की धारा 66, 66सी, 66डी तथा यूआईडीएआई एक्ट-2016 की धारा 35, 36 व 37 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।बरामदगी में तीन मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक इंटरनेट मॉडेम, एक जियो वाई-फाई डिवाइस, एक प्रिंटर, एक लेनोवो टैबलेट और एक फ्रॉन्क्स कार बरामद की गई है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगा प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में सहावर पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
