प्रतिष्ठान को लगभग 65 एलपीजी सिलेंडरों से मिलेगी राहत
वाराणसी । जनपद में पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) का विस्तार जारी है। इसी क्रम में गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शिवपुर स्थित प्रतिष्ठित "होटल जय बजरंग बहार स्वीट हाउस" में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, (उप महाप्रबंधक) कर रहे हैं। वहीं,बताया गया कि, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार, (जीएम) कर रहे हैं। गेल ने बताय कि, "होटल जय बजरंग बहार स्वीट हाउस", जहां व्यावसायिक गतिविधियों के लिए ऊर्जा की निरंतर एवं व्यापक आवश्यकता रहती है, पूर्व में अपनी गैस संबंधी जरूरतों की पूर्ति हेतु प्रति माह लगभग 65 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग करता था। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब होटल को निर्बाध, सुरक्षित एवं सतत गैस आपूर्ति उपलब्ध हो रही है। साथ ही यहा प्रति माह उपयोग में आने वाले लगभग 65 सिलेंडरों को अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा सकेगा। इससे अधिक उपभोक्ताओं तक एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।पीएनजी के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन एवं बार-बार रीफिलिंग से जुड़ी जटिलताओं से मुक्ति मिलती है। साथ ही, सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसके अतिरिक्त, पीएनजी एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में सहायक है। गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके।अंत में,गेल (इंडिया) लिमिटेड सभी उपभोक्ताओं से अपील करती है कि वे PNG कनेक्शन अपनाकर आधुनिक, सुरक्षित, किफायती एवं सुविधाजनक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाएं और स्वच्छ ऊर्जा के अभियान को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें ।। रविन्द्र गुप्ता
