फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत: पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में कारगिल पेट्रोल पंप के पास एक सड़क हादसे के बाद स्थिति हिंसक हो गई। आरोप है कि स्थानीय दबंगों ने मदद के लिए रुके एक परिवार के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि महिलाओं के साथ अभद्रता की और एक महिला के सोने के कुंडल भी छीन लिए। भीमपुर निवासी जगवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह अपनी पत्नी, बेटी और रिश्तेदारों के साथ कार से ससुराल जा रहे थे। रास्ते में कारगिल पेट्रोल पंप के समीप उनके आगे चल रहे उनके ही रिश्तेदार की बाइक की टक्कर विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से हो गई। हादसा होते ही जगवीर ने अपनी कार रोकी और घायल की मदद के लिए आगे बढ़े
जगवीर का आरोप है कि घायल को संभालते समय वहाँ मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने बिना किसी कारण के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आई परिवार की महिलाओं के साथ भी जमकर अभद्रता की। हमलावरों ने जगवीर की पत्नी के कान के कुंडल झपट लिए और उनकी कार पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। इस अचानक हुए हमले से परिवार के बच्चे और महिलाएं गहरे सदमे में हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पूरनपुर थाना अध्यक्ष पवन पांडे ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि एक्सीडेंट के बाद स्थानीय लोगों द्वारा मारपीट और तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
