बस्ती में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जनप्रतिनिधियों के बीच बहस हो गई. सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में रुधौली क्षेत्र के दसिया में लगने वाली एथेनॉल फैक्ट्री का मुद्दा उठाया गया.
कप्तानगंज विधायक कविंद्र चौधरी उर्फ अतुल ने फैक्ट्री का विरोध करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण और बच्चों की सेहत पर असर पड़ सकता है. उन्होंने परियोजना के प्रभावों की जांच की बात कही.
वहीं हरैया विधायक अजय सिंह ने फैक्ट्री का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विकास को गति मिलेगी.
बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी के बयान पर भी चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि सरकार का इस परियोजना से कोई लेना-देना नहीं है. इस पर विधायक अजय सिंह ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब सरकार से पैसा जुड़ा है तो सरकार की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता.
एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर बैठक में पक्ष और विपक्ष के तर्क सामने आए. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ इस मुद्दे पर भी चर्चा की.

