ग़ाज़ीपुर (बिरनो)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बीरबलपुर गांव में शनिवार को पानी पीने वाली मशीन लगाने और जमीन के पुराने विवाद को लेकर देवर और भाभी के बीच हिंसक झड़प हो गई । इस मारपीट में एक पक्ष की महिला रामदुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई है , जिससे गांव में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है ।
लाठी- डंडों से किया हमला , महिला के नाक व सिर में आई गंभीर चोटें
मिली जानकारी के अनुसार, बीरबलपुर गांव में विगत कई वर्षों से जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था । जिसमें आज दिन शनिवार को पानी की मशीन (हैंडपप) बनवाने की बात को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया । देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि भसूर व देवर पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया । आरोप है कि दबंग चंद्रबली राजभर (पुत्र स्वर्गीय सुरेश्वर राजभर), भगवनीया देवी (पत्नी चंद्रबली राजभर), देवर लखन्दर राजभर और बंदना देवी (पत्नी लखन्दर राजभर) ने मिलकर रामदुलारी राजभर (पत्नी चंजीत राजभर) पर जानलेवा हमला कर दिया । इस मारपीट में रामदुलारी देवी की नाक और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं , जिससे वह लहूलुहान हो गईं । वहीं, दूसरे पक्ष से लखन्दर राजभर को भी चोटें आने की सूचना है ।
थाने पहुंचा मामला, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
घटना के तुरंत बाद दोनों पक्षों के लोग बिरनो थाने पहुंचे और एक - दूसरे के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की । दिनदहाड़े हुई, इस हिंसक झड़प के बाद से पूरे गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। इस संबंध में जब बिरनो थानाध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से जमीनी और पारिवारिक विवाद का है । दोनों पक्षों से प्रार्थना पत्र प्राप्त हो चुका है । और घायलों का मेडिकल कराया गया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है, जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी । रिपोट - सुजीत कुमार सिंह 151164525

