फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार l पूर्वांचल में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और एम्स थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन कथित हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। शनिवार रात माडापार कोनी तिराहा के पास हुई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो देशी तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की गोपनीय सूचना मिलने के बाद एसटीएफ और एम्स थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। शनिवार देर रात संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने पर उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन शर्मा (निवासी सिवान, बिहार), सौरभ शुक्ला (निवासी चौरीचौरा, गोरखपुर) तथा मंजीत कुमार सिंह (निवासी सिवान, बिहार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों के लंबे समय से अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, दो .12 बोर के देशी तमंचे, पिस्टल की एक मैगजीन, 10 जिंदा .12 बोर कारतूस, चार पिस्टल कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार की जेल में बंद कुछ व्यक्तियों के संपर्क में थे और उन्हीं के माध्यम से अवैध हथियार खरीदते थे। इसके बाद पिस्टल और देशी तमंचों को विभिन्न क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि एक पिस्टल करीब 25 हजार रुपये तथा एक देशी तमंचा 15 हजार रुपये तक में बेचा जाता था। अवैध कारोबार से होने वाली कमाई का उपयोग वे अपने निजी खर्च और अन्य आवश्यकताओं में करते थे।
इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम के प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह तथा एम्स थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई में जुटी है। रिपोर्ट जसवीर मोदनवाल 151167985
