खेरागढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार 28 जून सुबह 11:00 बजे खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कस्बा कागारोल में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम से पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने कस्बा कागारोल स्थित मंदिर में भगवान के श्रीचरणों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद बूथ संख्या 183 पर भाजपा कार्यकर्ता आदरणीय मोनी रावत के आवास पर सभी ने एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी कार्यक्रम 'मन की बात' का श्रवण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में राष्ट्रहित, जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर प्रकाश डाला। उनके प्रेरणादायी विचारों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों में राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान कर स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत सफाई अभियान चलाया तथा स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल राजनीतिक विचारधारा का प्रतिनिधि नहीं, बल्कि सेवा, संगठन और संस्कार का वाहक है। उन्होंने कहा कि "सेवा, संगठन और संस्कार ही विकसित भारत की पहचान हैं तथा राष्ट्र प्रथम और सेवा सर्वोपरि की भावना के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच कार्य कर रहा है।"
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, बूथ एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता की भावना से ओत-प्रोत रहा। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
