मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बदहाल, पानी और शौचालय के लिए भटक रहे मुसाफिर
दो प्लेटफॉर्म, पर सुविधा शून्य: एक नंबर पर खराब हैंडपंप-सूखा वाटर बूथ, दो नंबर पर न हैंडपंप न शौचालय
मुहम्मदाबाद गोहना। कस्बे का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। यहां रोजाना करीब दो हजार से अधिक यात्री विभिन्न ट्रेनों से सफर करते हैं, लेकिन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। प्लेटफार्म पर पीने के लिए पानी और शौचालय की सुविधा के बाद भी यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। स्टेशन से मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, सूरत, अजमेर, अमृतसर, आसनसोल और लखनऊ समेत कई बड़े शहरों के लिए दर्जनों एक्सप्रेस व मेल गाड़ियां गुजरती हैं। हजारों यात्री रोजाना यहां से यात्रा करते हैं। स्टेशन पर यात्रियों के लिए दो प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, लेकिन दोनों ही प्लेटफॉर्म पर पीने के पानी का कोई इंतजाम नहीं है। एक नंबर प्लेटफार्म पर लगा हैंडपंप महीनों से खराब है। इसके अलावा वाटर बूथ में भी पानी नहीं आ रहा है । दूसरे नंबर प्लेटफार्म पर तो स्थिति और खराब है। यहां न तो हैंडपंप है और न ही पानी की आपूर्ति है। काफी समय से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। स्टेशन पर एक नंबर प्लेटफार्म पर शौचालय का निर्माण कराया गया है लेकिन इसमें हमेशा ताला बंद रहता है। इसमें पानी की सुविधा भी नहीं है। अगर कोई यात्री बाहर से पानी लेकर शौचालय में जाना चाहता है तो भी ताला बंद होने के कारण उसे निराश होना पड़ता है। दो नंबर प्लेटफार्म पर तो अभी तक शौचालय का निर्माण ही नहीं किया जा सका है।लंबी दूरी के यात्री, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पानी और शौचालय के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। गर्मी के दिनों में तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
प्लेटफार्म नंबर एक पर आवश्यकता अनुसार पानी भरा जाता है कभी-कभी खत्म हो जाता है। शौचालय में ताला बंद नहीं किया जाता है। बंदर शौचालय में घुसकर कमोड और टोटी तोड़ देते हैं। दो नंबर प्लेटफार्म पर अभी पानी के आपूर्ति के लिए ठेकेदार द्वारा पाइपलाइन नहीं डाली गई है। सूर्यनाथ गोंड, स्टेशन अधीक्षक, मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ रिपोट - अजय कुमार 151170379
