ऑनलाइन पैसे कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने चिलुआताल क्षेत्र के एक युवक से 5 लाख 37 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि जालसाजों ने पहले युवक को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और फिर टेलीग्राम के जरिये संपर्क कर निवेश के नाम पर रकम ट्रांसफर करा ली।
मुनाफा नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। मामले में बृहस्पतिवार को साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। चिलुआताल थाना क्षेत्र के झुंगिया बाजार, मानबेला फर्टिलाइजर रोड निवासी सत्यम प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अप्रैल 2026 को अचानक उनका मोबाइल नंबर एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया था।
इसी ग्रुप से एक व्यक्ति ने खुद को ईशा बताते हुए संपर्क किया। आरोपी ने खुद को डेंट्सू वेबचटनी प्राइवेट लिमिटेड का सीनियर कर्मचारी बताया और ऑनलाइन कमाई का मौका देने की बात कही। उसने दावा किया कि कंपनी रेटिंग और ट्रेडिंग टास्क के जरिये पैसे कमाने का अवसर देती है और इससे कई लोग लाभ कमा चुके हैं।
सत्यम के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि चुनिंदा लोगों को ही यह मौका दिया जा रहा है और जल्दी निवेश करने पर बेहतर लाभ मिलेगा। उसकी बातों में आकर सत्यम ने पहले अपने एचडीएफसी बैंक खाते से तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने पांच लाख रुपये तक निवेश करने पर अधिक लाभ मिलने का झांसा दिया। इसके बाद सत्यम ने अपने और परिवार के अन्य सदस्यों के खातों से भी रकम भेज दी।
पिता और बहन के खाते से भी भेजे रुपये
पीड़ित ने बताया कि 16 और 17 अप्रैल के बीच उसने अपने एसबीआई खाते से 1.39 लाख रुपये, पिता के खाते से 48 हजार रुपये और बहन के खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 5 लाख 37 हजार रुपये आरोपी के बताए खातों में भेज दिए गए। आरोपी ने कुछ महीने में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया, लेकिन समय बीतने के बाद भी कोई लाभ नहीं मिला।
पैसे मांगने पर बंद कर दिया मोबाइल
जब सत्यम ने आरोपी से रकम वापस करने की मांग की तो वह लगातार बहाने बनाता रहा। कई बार संपर्क करने के बाद भी जब पैसा वापस नहीं मिला और मोबाइल बंद हो गया, तब उसे ठगी का अहसास हुआ।
तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी: सुधीर जायसवाल, एसपी क्राइम रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
