फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । मोहर्रम के अवसर पर कुसम्ही बाजार क्षेत्र में पारंपरिक ताज़िया जुलूस श्रद्धा एवं अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए कुसम्ही बाजार, रुद्रापुर,कोठी चौराहा, कुसम्ही कोठी एवं गोबरहियाँ चौराहा सहित विभिन्न मार्गों का भ्रमण करता हुआ ग्राम सभा रुद्रपुर स्थित कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक (स्थापित) किया गया।
जुलूस के दौरान अंजुमनों द्वारा मातमी धुनों के बीच "या हुसैन" और "अल्लाहु अकबर" के नारे लगाए गए। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। मोहर्रम इस्लामिक कैलेंडर का पहला महीना है और इसकी 10वीं तारीख (आशूरा) को इमाम हुसैन एवं उनके साथियों की शहादत की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय शोक व्यक्त करते हुए ताज़िया जुलूस निकालता है और कर्बला में उसे सुपुर्द-ए-खाक करता है।
पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात रहे और अधिकारियों ने स्वयं जुलूस की निगरानी की। प्रशासन की सतर्कता और आयोजकों के सहयोग से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। रिपोर्ट - जसवीर मोदनवाल 151167985
