विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड रूद्रपुर, 23 जून। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि एक मजबूत और पारदर्शी लोकतंत्र के लिए त्रुटिरहित व अपडेटेड मतदाता सूची का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को जिला सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे 'निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)' कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्रों का वितरण और उन्हें भरकर वापस लेने का कार्य शत-प्रतिशत समय पर पूरा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने जमा हुए सभी प्रपत्रों के त्वरित डिजिटलाइजेशन (कंप्यूटरीकरण) को भी सुनिश्चित करने को कहा।
प्रतिदिन देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
काम में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए डीएम ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को निर्देश दिए कि वे इस कार्य की दैनिक समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य की प्रगति रिपोर्ट हर दिन शाम तक अनिवार्य रूप से कंट्रोल रूम और निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
बैठक में ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय व कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट व ऋचा सिंह, ओसी हिमांशु कफलटीया और तहसीलदार दिनेश कुटौला मुख्य रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा जिले के अन्य उप जिलाधिकारी और तहसीलदार वर्चुअल माध्यम (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) से बैठक से जुड़े रहे। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
