फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय के सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी मानसून आपदा प्रबंधन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक से पूर्व एसएसपी ने पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लेकर उनकी विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली और उनके त्वरित निवारण के निर्देश दिए।
मासिक समीक्षा बैठक के दौरान एसएसपी ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। आगामी मानसून सत्र को देखते हुए उन्होंने पुलिस के समस्त आपदा राहत उपकरणों को पूर्ण रूप से मेंटेन कर 'रेडी मोड' में रखने की हिदायत दी, ताकि जलभराव या बाढ़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस का त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित हो सके।
विभिन्न थानों में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने विवेचकों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और थाना प्रभारियों को विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही निर्धारित करने को कहा। जनपद के सक्रिय अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित 'ऑपरेशन प्रहार' एवं 'ऑपरेशन लगाम' का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एसएसपी ने उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाकर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से उन्होंने बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों और संदिग्धों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने बीट अधिकारियों को जनता से सीधा संवाद करने और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।
गोष्ठी के दौरान एनआईसी के डिस्ट्रिक्ट रोलआउट मैनेजर अनिल कुमार राणा द्वारा पुलिस अधिकारियों को प्रधानमंत्री राहत स्कीम, राहवीर योजना तथा ई-डीएआर (इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट) पोर्टल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई और पोर्टल पर गुणवत्तापूर्ण डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कर्तव्य पालन के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और अन्य कार्मिकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804

