जलालपुर थाना क्षेत्र के छतरीपुर गांव में पांच वर्षीय मासूम की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज बुखार आने पर परिजन बच्चे को सोमवार रात करीब 11 बजे पराऊगंज बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में लेकर पहुंचे थे।
आरोप है कि क्लिनिक में बच्चे को इंजेक्शन लगते ही उसकी हालत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सक ने परिजनों को उसे कहीं और ले जाने की सलाह दी।
परिजन बच्चे को लेकर जौनपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही मासूम की मौत हो गई।
मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण शव लेकर पराऊगंज पहुंचे और चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान जलालपुर थाना गद्दी-केराकत मार्ग करीब 15 मिनट तक जाम रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया। थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
