जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव में एक पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने अपने साथी पर लकड़ी के पटरे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सुमित सिंह अपने दो साथियों शिवम गौतम और शनि गौतम के साथ खाने-पीने की पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने सुमित के सिर पर लकड़ी के पटरे से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुमित को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह थी जौनपुर से विपिन चंद मौर्या की रिपोट