प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना से पिछड़े जिलों में कृषि को मिलेगी नई दिशा-प्रभारी मंत्री
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सेवा, सम्मान, सुशासन एवं संस्कार केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के तुलसी सदन (हादी हाल) में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जागरूकता कार्यक्रम व पीएम किसान सम्मान निधि उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग मयंकेश्वर शरण सिंह द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस दौरान विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राय साहब सिंह, भाजपा के महामंत्री राजेश सिंह, सीओ सिटी प्रशान्त राज सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय बालिका इण्टर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वन्दना की प्रस्तुति की। प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने किसानों एवं आमजनमानस को संबोधित करते हुए कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 12 ऐसे जनपद चिन्हित किए गए हैं जहां कृषि उत्पादन अपेक्षाकृत कम है। ऐसे जनपदों के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका उद्देश्य कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपनी उपज बढ़ाएं तथा जनपद को कृषि उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में योगदान दें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के खातों में 23वीं किस्त की धनराशि भेजी जा चुकी है, जिससे किसानों को आर्थिक संबल मिला है। इसके साथ ही कृषि विभाग द्वारा फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि यंत्रीकरण, उन्नत बीज वितरण तथा प्राकृतिक खेती जैसी योजनाओं की जानकारी किसानों को प्रदान की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल उत्पादन लागत को कम करती है, बल्कि भूमि की उर्वरा शक्ति को भी बनाए रखती है। उन्होंने किसानों को नई तकनीकों को अपनाने और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र में पिछड़े जिलों की खेती को आधुनिक, लाभकारी एवं टिकाऊ बनाना है। योजना के माध्यम से किसानों को बेहतर संसाधन, तकनीकी सहायता और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ा जाएगा, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओ एवं केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओ, उपलब्धियों के बारे मे ंविस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, किसानों, युवाओं एवं प्रबुद्धजनों ने परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। कृषि विभाग, कृषि रक्षा विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सूचना विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने लाभार्थी योजनाओं, अनुदान, रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी देकर लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पंजीकृत कलाकार द्वारा कठपुतली कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कटआउट के साथ आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए गए थे। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर फोटो खिंचवाई और कार्यक्रम की यादों को संजोया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार सहित अन्य सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मोहम्मद अनीस एवं धर्मेंद्र ओझा द्वारा किया गया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
