फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड केलाखेड़ा। थाना केलाखेड़ा क्षेत्र के ग्राम रामपुरकाजी में युवक पर फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल करने की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन में थाना अध्यक्ष केलाखेड़ा के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को सुखविंदर कौर पत्नी धर्मेंद्र सिंह निवासी रामपुरकाजी ने थाना केलाखेड़ा में तहरीर देकर बताया कि उनके पति धर्मेंद्र सिंह पर मोटरसाइकिल सवार रिंकू पुत्र सुरजीत सिंह निवासी सरोवर नगर गदरपुर, कुलवंत उर्फ काका पुत्र महेंद्र सिंह निवासी कामरेड का डेरा गुरदीप, गोविंद सिंह उर्फ गोल्डी पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी रामपुरकाजी तथा टीटू पुत्र दर्शन सिंह निवासी गुलाब सिंह का मजरा ने अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में गोली के छर्रे लगने से धर्मेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
तहरीर के आधार पर थाना केलाखेड़ा में एफआईआर संख्या 75/2026 दर्ज करते हुए धारा 109(1), 351(3), 352 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
जांच के दौरान गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी गोविंद सिंह उर्फ गोल्डी (20 वर्ष) पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी रामपुरकाजी को 19 जून 2026 को धिल्लों धर्मकांटा, सरकारी रोड रामपुरकाजी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की कार्रवाई लगातार जारी है।
जिला उधम सिंह नगर से डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज विक्की सिंह की रिपोर्ट 151127516
