जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के शेखअसरफपुर गांव में चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर एक किसान मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। किसान सतीश यादव के इस कदम से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद किसान टावर से नीचे उतरा। इस दौरान प्रशासनिक अमले को स्थिति सामान्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मामले में लेखपाल और पंचायत अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि किसान के टावर पर चढ़ने से कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
गिरफ्तार किसान सतीश यादव को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। रिपोट - अजय कुमार 151170379
