गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में लगातार गंदे, काले और मटमैले पानी की शिकायतों के बाद नगर निगम गाजियाबाद ने सोसायटी की आरडब्ल्यूए को नोटिस जारी किया है। अवर अभियंता (जल) कार्यालय से जारी नोटिस में सोसायटी की पुरानी पेयजल पाइपलाइन एवं पानी की टंकियों की सफाई तथा क्लोरीनेशन न कराने पर नाराजगी व्यक्त की गई है।
नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के अनुसार वार्ड संख्या-22, दौलतपुरा स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में लगभग 750 टीडीएस वाले जल की आपूर्ति होने तथा मटमैला और काला पानी आने की शिकायतें लगातार जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त हो रही थीं। जांच में पाया गया कि सोसायटी में पूर्व में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन और पानी की टंकियों की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण दूषित जल की समस्या उत्पन्न हो रही है।
नोटिस में उल्लेख किया गया है कि नगर निगम की मेंटेनेंस टीम द्वारा पूर्व में भी पाइपलाइन और पानी की टंकियों की सफाई एवं क्लोरीनेशन कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन 17 जून 2026 तक इस संबंध में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते सोसायटी में गंदे पानी की समस्या बनी रही और निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नगर निगम ने आरडब्ल्यूए को निर्देशित किया है कि पेयजल पाइपलाइन और पानी की टंकियों की तत्काल सफाई एवं क्लोरीनेशन कराया जाए तथा निवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सोसायटी प्रबंधन की होगी।
गौरतलब है कि गुलमोहर एन्क्लेव में दूषित पानी की समस्या को लेकर निवासी लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं। निवासी गौरव बंसल द्वारा लगातार नगर निगम, जनसुनवाई पोर्टल एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायतें भेजकर मामले को उठाया जाता रहा। गौरव बंसल ने आरोप लगाया कि सोसायटी में लंबे समय से गंदा, काला और मटमैला पानी आ रहा था, जिससे निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा बना हुआ था, लेकिन आरडब्ल्यूए द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।
नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के बाद अब सोसायटी की जलापूर्ति व्यवस्था एवं आरडब्ल्यूए की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। निवासियों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
