कौन हैं रीता? 10 दिन से मेडिकल कॉलेज में भर्ती महिला को अपनों का इंतजार, पहचान कराने की अपील"
पति का नाम अमर नाथ पटेल बता रही महिला, मऊ आइमा और शनि देव धाम से जुड़ी होने की जानकारी; परिजन मिलें तो तुरंत करें संपर्क
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जिंदगी और अपनों के बीच की डोर कभी-कभी इतनी कमजोर हो जाती है कि इंसान भीड़ में होकर भी अकेला रह जाता है। कुछ ऐसी ही कहानी है एक महिला की, जो पिछले कई दिनों से प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती है और आज भी अपने परिवार के इंतजार में अस्पताल के बिस्तर पर नजरें टिकाए हुए है। राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय (स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय) प्रतापगढ़ में 8 जून 2026 से भर्ती यह महिला अपना नाम रीता बताती हैं। बातचीत के दौरान वह अपने पति का नाम अमर नाथ पटेल बताती हैं। वह यह भी कहती हैं कि उनका मायका शनि देव धाम और ससुराल मऊ आइमा कस्बा में है। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक उनके परिजनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद से डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उनका उपचार कर रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ी चिंता उनकी पहचान और परिवार तक सूचना पहुंचाने की बनी हुई है। महिला बार-बार अपने परिजनों के बारे में पूछती हैं और घर जाने की इच्छा जाहिर करती हैं। उनकी आंखों में अपने लोगों से मिलने की उम्मीद साफ दिखाई देती है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जनपदवासियों से सहयोग की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यदि महिला के परिवार या परिचितों तक यह सूचना पहुंच जाए तो उन्हें शीघ्र अस्पताल लाकर महिला से मिलाया जा सकता है। यह केवल एक सूचना नहीं, बल्कि एक परिवार को फिर से जोड़ने का प्रयास है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक यह जानकारी पहुंचाई जा रही है। उम्मीद है कि किसी न किसी के माध्यम से यह खबर उनके परिजनों तक पहुंचेगी और महिला को अपने परिवार का साथ मिल सकेगा।यदि कोई व्यक्ति उक्त महिला को पहचानता है अथवा उनके परिवार, रिश्तेदार या परिचितों के बारे में जानकारी रखता है, तो तत्काल मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ से संपर्क करें या मोबाइल नंबर 9410451743 पर सूचना दें। एक छोटी सी जानकारी किसी बिछड़े हुए व्यक्ति को उसके अपनों से मिलाने का कारण बन सकती है। इसलिए इस खबर को अधिक से अधिक साझा करें और मानवता के इस प्रयास में सहयोग करें। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
