गौरा में मिशन शक्ति चौपाल एवं महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में उमड़ी महिलाओं की भीड़, समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड गौरा सभागार में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन विषयक जागरूकता चौपाल एवं महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं जनपद प्रभारी प्रतिभा कुशवाहा ने महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। अपने संबोधन में प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल परिवार नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की उन्नति का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। जरूरत इस बात की है कि हर पात्र महिला तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचे और वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बने। उन्होंने महिलाओं से कहा कि यदि किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, भेदभाव या अन्याय हो तो चुप न रहें, बल्कि प्रशासन और महिला आयोग से संपर्क करें। महिला आयोग हर पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक क्रांति का अभियान है। जब महिलाएं शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर होंगी तभी देश और समाज विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के लिए महिला आयोग की पहल की सराहना की। शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख सत्यम ओझा ने कहा कि सरकार की योजनाएं महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया। महिला जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने घरेलू विवाद, पेंशन, आवास, उत्पीड़न तथा अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े प्रकरण रखे। महिला आयोग की सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं तथा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। चौपाल के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मिशन शक्ति चौपाल महिलाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का एक प्रभावी मंच साबित हुई। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
