खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सूबा बाजार स्थित रितिमा फूड प्रोडक्ट्स फैक्टरी में छापा मारा। इस दौरान भारी गंदगी और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों का निर्माण होता मिला। टीम ने 50 किलोग्राम खराब सॉस बरामद की जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं लगभग 350 किलोग्राम संदिग्ध सॉस जब्त की। बताया जा रहा है कि इसे बाजार में खपाने की तैयारी थी।
टीम को कारखाने में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिलने पर खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। टीम ने मिर्च सॉस, मेयोनीज और वेज सॉस समेत कई नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। ऐसे खाद्य पदार्थों के सेवन से पेट संबंधी संक्रमण, खाद्य विषाक्तता और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
इस संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सूबा बाजार स्थित रितिमा फूड प्रोडक्ट फैक्टरी में गंभीर अनियमितताएं और भारी गंदगी पाई गई। 50 किलोग्राम खराब सॉस को नष्ट कराया गया है। 350 किलोग्राम संदिग्ध सॉस जब्त की गई है। नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
