फास्ट न्यूज़ इंडिया मध्य प्रदेश शिवपुरी पिछोर तहसील अंतर्गत ग्राम बड़नोली स्थित वर्धना घाट (आर्मी फायरिंग रेंज) में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर (खनिज) कार्यालय द्वारा जारी सूचना पत्र के अनुसार खनि निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर 14 मई 2026 को की गई कार्रवाई में 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गई थीं।
सूचना पत्र में बताया गया है कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं खनिज अमले द्वारा मौके पर जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़ा गया। सभी वाहन पुलिस थाना प्रभारी पिछोर की अभिरक्षा में रखवाए गए थे। इसके बाद खनिज विभाग द्वारा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा एवं अन्य कार्रवाई की गई।
खनिज निरीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार मामले में लगभग 145 घनमीटर रेत के अवैध उत्खनन का आकलन किया गया है। मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत रॉयल्टी, पर्यावरण प्रतिपूर्ति एवं अन्य मदों को मिलाकर कुल 10 लाख 87 हजार 500 रुपये की राशि अधिरोपित किए जाने का प्रस्ताव किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है।
मुख्य बिंदु:
वर्धना घाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का मामला।
12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त।
145 घनमीटर रेत के अवैध उत्खनन का आकलन।
कुल 10.87 लाख रुपये की वसूली प्रस्तावित।
संबंधित पक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी।
