फास्ट न्यूज़ इंडिया उज्जैन बड़नगर मप्र बड़नगर। साध्य भवन रोड चौड़ीकरण की लंबित मांग, वार्ड क्रमांक 18 दोराया कॉलोनी की बदहाली और शहर की विभिन्न प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर आज शिवसेना ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शिवसेना के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर पहुंचकर नपा अध्यक्ष और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) का घेराव किया और तीखा आक्रोश व्यक्त किया। शिवसैनिकों ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन केवल आश्वासन की राजनीति बंद करे, अब केवल बातों से काम नहीं चलेगा, धरातल पर काम दिखना चाहिए।
इस दौरान शिवसेना प्रमुख प्रभात पुरानिया एवं शिवसेना नगर अध्यक्ष संतोष बगेरवाल ने संयुक्त रूप से नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि साध्य भवन रोड चौड़ीकरण का काम लंबे समय से अटका हुआ है, जिससे आए दिन जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही नेताओं ने वार्ड क्रमांक 18 (दोराया कॉलोनी) की गंभीर मूलभूत समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में स्थानीय व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव और गंदगी के ढेर देखकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए।
शिवसेना प्रमुख व नगर अध्यक्ष ने मांग की है कि आगामी मानसून (बारिश) के मद्देनजर नगर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई समय से पहले युद्धस्तर पर पूरी की जाए। विशेषकर जो नाले गंदगी और मलबे के कारण पूरी तरह जाम हैं, उन्हें तुरंत साफ कराया जाए ताकि दोराया कॉलोनी और पूरे बड़नगर में जलभराव व गंदगी की स्थिति निर्मित न हो।
घेराव और प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से शिवसेना प्रमुख प्रभात पुरानिया एवं नगर अध्यक्ष संतोष बगेरवाल के साथ जिला महासचिव राजेश कायस्थ, तहसील अध्यक्ष दिनेश सुजेरा, तहसील महामंत्री लवेश पोरवाल, युवा नगर अध्यक्ष आयुष चौरसिया सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक, महिला सेना की पदाधिकारी और दोराया कॉलोनी के त्रस्त रहवासी उपस्थित रहे।
फास्ट न्यूज़ इंडिया से डिस्टिक इंचार्ज चैनल राकेश सेन
