फास्ट न्यूज़ इंडिया उज्जैन बड़नगर भाटपचलाना पुलिस ने सरकारी पानी का टैंकर उड़ाने वाले शातिर चोरों को धर दबोचा है। ग्राम मुंगावदी से गायब हुए इस टैंकर की चोरी ने इलाके में हड़कंप मचा दिया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही मामले का खुलासा कर दिया। इस काम में जुटे चोरों ने न केवल सरकारी संपत्ति पर हाथ साफ किया, बल्कि वारदात में अपने ही ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने अब टैंकर और ट्रैक्टर दोनों को जब्त कर लिया है, जिनकी कुल कीमत 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पंचायत सचिव चित्रागंद शर्मा की शिकायत पर भाटपचलाना पुलिस ने केस दर्ज कर जाल बिछाया। जांच के दौरान पुलिस ने सरवना निवासी बबलु गुर्जर और देवडुंगरी के सुरेशसिंह और ईश्वरसिंह को पकड़ा। पूछताछ में इन तीनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी सुरेशसिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिसके चलते पुलिस उसे काफी समय से ट्रैक कर रही थी।
थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी का टैंकर और घटना में प्रयुक्त पॉवर ट्रैक ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। इस बड़ी कामयाबी में सउनि शैतानसिंह डिंडोर, गिरधारी कनेल, हरिगोविन्द सिंह यादव, शैलेन्द्रसिंह सिसोदिया, अशोक चौहान, मुकेश गोयल, मुकेश नागर, हितेश निम्बोला और उदयसिंह की भूमिका बेहद अहम रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में डर का माहौल है और ग्रामीण भी पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इन लोगों ने और भी कहीं इस तरह की सरकारी या निजी संपत्तियों की चोरी की है या नहीं। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की जाएगी ताकि इस चोरी के पीछे के पूरे नेटवर्क और अन्य संदिग्धों का पता लगाया जा सके।
फास्ट न्यूज़ इंडिया से डिस्टिक इंचार्ज चैनल राकेश सेन
