फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद जहांगीराबाद से शिकारपुर को जोड़ने वाली 17 किलोमीटर लंबी महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य पर तारकोल संकट का ब्रेक लग गया है। करीब पांच माह पूर्व 15 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अब अधर में लटक गया है। बरसात का दौर शुरू होते ही अधूरी पड़ी सड़क लोगों की परेशानी का कारण बन गई है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते राहगीरों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जहांगीराबाद-शिकारपुर मार्ग क्षेत्र के सबसे व्यस्त संपर्क मार्गों में शामिल है। यह सड़क न केवल शिकारपुर बल्कि खुर्जा तक आवागमन का प्रमुख माध्यम है। मार्ग से सीधे तौर पर करीब दो दर्जन गांव जुड़े हुए हैं, जबकि प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों के लिए यह मार्ग जीवनरेखा माना जाता है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए पांच माह पहले टेंडर जारी किया गया था। निर्माण एजेंसी ने करीब दो माह पूर्व शिकारपुर की ओर से कार्य शुरू कराया। शुरुआती चरण में कुछ हिस्सों पर खुदाई, मिट्टी भरान और बेस तैयार करने के साथ एक साइड का तारकोल का काम भी हुआ, लेकिन पर्याप्त मात्रा में तारकोल उपलब्ध न होने के कारण निर्माण की रफ्तार थम गई। इसके बाद से सड़क कई स्थानों पर खोदी हुई और अधूरी अवस्था में पड़ी है।
बरसात के कारण अधूरे हिस्सों में जलभराव की समस्या भी सामने आने लगी है। कई स्थानों पर सड़क उखड़ी हुई है, जिससे वाहन चालकों को गड्ढों और फिसलन भरे मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने से उन्हें बेहतर सड़क मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन काम रुकने से परेशानी और बढ़ गई है। सड़क की खराब हालत के कारण यात्रा समय बढ़ने के साथ वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन क्षेत्र की कृषि उपज मंडियों तक पहुंचती है, वहीं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कर्मचारी भी इसी सड़क से आवागमन करते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य जल्द पूरा होना क्षेत्र की प्रमुख जरूरत बन गया है।
बारिश ने बढ़ाई मुश्किल
बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी भरने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों से जल्द काम शुरू कराकर परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की है।
अनिल शर्मा, विधायक शिकारपुर ने कहा की "सड़क निर्माण के लिए शासन से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और कार्य भी शुरू कराया गया था। तारकोल की कमी के कारण काम प्रभावित हुआ है। मैं व्यक्तिगत रूप से संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हूं। अब तारकोल की उपलब्धता में सुधार हुआ है और जल्द ही निर्माण कार्य को गति देकर पूरा कराया जाएगा।" रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
