पैथोलॉजी जांच केंद्र पुराने भवन से नए भवन में शिफ्ट, मरीजों को मिलेगी सुरक्षित और बेहतर सुविधा
जलभराव की समस्या उजागर होने के बाद लिया गया निर्णय, मरीजों को मिलेगी सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले फास्ट न्यूज इंडिया की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। हाल ही में मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में जलभराव और पैथोलॉजी जांच केंद्र के आसपास उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों को लेकर प्रकाशित खबर के बाद अस्पताल प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए केंद्रीय पैथोलॉजी पंजीकरण, ब्लड संग्रह केंद्र एवं रिपोर्ट वितरण कक्ष को पुराने भवन से नए भवन में स्थानांतरित कर दिया है। गौरतलब है कि हाल में हुई बारिश के बाद डॉ. सोनेलाल पटेल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय परिसर में व्यापक जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर पैथोलॉजी जांच केंद्र तक पानी भर जाने के कारण मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पैथोलॉजी केंद्र के आसपास पानी जमा होने से वहां स्थापित विद्युत उपकरणों और मशीनों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। फास्ट न्यूज इंडिया ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए मरीजों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और संभावित दुर्घटना की आशंका को उजागर किया था। खबर सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय पैथोलॉजी की सेवाओं को नए भवन में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। अब केंद्रीय पैथोलॉजी के अंतर्गत पंजीकरण, ब्लड सैंपल संग्रह और रिपोर्ट वितरण की सभी सेवाएं नए भवन से संचालित की जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यहां 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे मरीजों को पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी। नए भवन में स्थानांतरण से न केवल जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि जांच कराने आने वाले मरीजों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। मरीजों और उनके परिजनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से जिस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया जा रहा था, उस पर आखिरकार प्रभावी कार्रवाई हुई है। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई है कि अस्पताल प्रशासन अब जलनिकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाएगा, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान मरीजों और कर्मचारियों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने में मीडिया की भूमिका एक बार फिर साबित हुई है। फास्ट न्यूज इंडिया द्वारा प्रकाशित खबर के बाद हुई यह कार्रवाई न केवल मरीजों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
