फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जिला कारागार प्रतापगढ़ में निरुद्ध एक बंदी की मृत्यु के मामले में जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक पाण्डेय ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में उप जिला मजिस्ट्रेट सदर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जिला कारागार में निरुद्ध सिद्धदोष बंदी राधेश्याम पुत्र राम खेलावन (लगभग 72 वर्ष), निवासी गोगौर थाना बाघराय प्रतापगढ़ की 4 जून 2026 को 6.56 बजे प्रातःकाल जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। बंदी एक पुराने आपराधिक मुकदमे में सजा काट रहा था। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों, महानिदेशक कारागार के परिपत्र तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194(4) के तहत कारागार में बंदी की मृत्यु के प्रत्येक मामले में स्वतंत्र जांच कराए जाने का प्रावधान है। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट ने मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया है। नामित जांच अधिकारी घटना से संबंधित सभी परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों, अभिलेखों तथा संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर मामले के प्रत्येक पहलू की गहन पड़ताल करेंगे। जांच पूरी कर निर्धारित दिवस में विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाएगी। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
