फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। अटेवा पेंशन बचाओ मंच प्रतापगढ़ एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों की संयुक्त बैठक अबुल कलाम इंटर कॉलेज में आयोजित की गई, जिसमें 23 से 26 जून 2026 तक प्रस्तावित चार दिवसीय जनजागरण यात्रा की तैयारियों और स्वागत कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता उदय सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष, लक्ष्मणपुर) तथा संचालन बसंत सरोज (जिलामंत्री) ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह जनजागरण यात्रा पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षकों को टीईटी से मुक्ति, निजीकरण के विरोध और युवाओं को रोजगार जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। सभी कर्मचारी, शिक्षक एवं सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। जिला संयोजिका पार्वती विश्वकर्मा ने कहा कि विजय कुमार बन्धु के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई है और एक दिन पुरानी पेंशन बहाली का मार्ग अवश्य प्रशस्त करेगा। वहीं जिला उपाध्यक्ष विश्वदीप सिंह ने जनपद के सभी ब्लॉकों में यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारी करने का आह्वान किया। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र विमल ने विजय कुमार बन्धु के संघर्ष को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है। जिला महामंत्री विनय प्रताप सिंह ने बताया कि यात्रा 23 जून से प्रारंभ होकर 26 जून तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। जिला अध्यक्ष सी.पी. राव ने कहा कि वर्तमान समय में कर्मचारियों, शिक्षकों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुटता की आवश्यकता है। उन्होंने सभी संगठनों से एक मंच पर आकर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की। बैठक में सी.पी. राव, विश्वदीप सिंह, सुरेन्द्र कुमार विमल, वी.पी. सरोज, सत्येंद्र प्रताप सिंह, संदीप यादव, अखिलेश कुमार, ओंकार नाथ, उदय सिंह, भूपेंद्र गुलशन, विनोद कुमार, कमलेन्द्र कुशवाहा, कृष्ण चंद्र, धर्मराज, अमृतलाल, विनय प्रताप सिंह, पार्वती विश्वकर्मा, कृष्ण कुमार, महेश मणि, अरविंद विन्द सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
