फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। पुरुषोत्तम मास की अंतिम सोमवारी अमावस्या के पावन अवसर पर चिलबिला स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन के लिए मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे दिन मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से गूंजता रहा। मान्यता है कि पुरुषोत्तम मास की अमावस्या एवं सोमवारी का संयोग अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना जाता है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और कल्याण की कामना की। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, फल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव की आराधना की।मंदिर समिति के महासचिव एवं समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इसके उपरांत भगवान शिव का विशेष एवं भव्य श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक सजावट और दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर की छटा देखते ही बन रही थी। श्रृंगार के बाद सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से भाग लिया। आरती के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि भगवान शिव करुणा और कल्याण के देवता हैं। उनकी कृपा से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और मनुष्य को सुख, शांति तथा आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुखमय जीवन एवं समाज में शांति, समृद्धि और भाईचारे की भावना बनाए रखने की प्रार्थना की। पूजन एवं आरती के पश्चात मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस धार्मिक आयोजन में छोटेलाल, शनि महाराज, सोनू महाराज, सुरेश अग्रवाल, छेदीलाल, संतोष कुमार, देवानंद, प्रमोद कुमार, आदर्श, रामगोपाल, बजरंग लाल, सचिन, सुरेश, मनीष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान शिव की आरती और सभी भक्तों के कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
