गीडा थाना क्षेत्र के बनगावां गांव में रिश्तों के विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि चचेरे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर शराब पिलाने के बाद युवक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बनगावां निवासी विजय पाल (28) पुत्र कृष्ण कुमार दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता पूर्व प्रधान रह चुके हैं। विजय और उसका छोटा भाई बेंगलुरु में रहकर पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। विजय छह दिन पहले ही गांव आया था।
रविवार देर रात करीब एक बजे उसका चचेरा भाई विनय उसे घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक ईंट भट्ठे पर ले गया। वहां पहले से विनय की मौसी का बेटा और कुछ अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर विजय को शराब पिलाई।
नशे की हालत में पहुंचने के बाद विनय और उसके साथियों ने विजय पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके सीने समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए गए। हमलावर उसे मरा समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विजय किसी तरह गांव पहुंचा और शोर मचाया। परिजन और ग्रामीण उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान भोर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विजय का अपने चचेरे भाई की सगी मौसी से प्रेम संबंध था। इसे लेकर गांव में भी चर्चा रहती थी। इसी बात से नाराज विनय ने विजय की हत्या की साजिश रची थी।
विजय के गांव आने की जानकारी मिलने पर उसने वारदात की योजना बनाई और साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया। सीओ गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी विनय की पहचान कर ली गई है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
