फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। विश्व पर्यावरण पखवाड़े के अंतर्गत विश्व युवक केंद्र दिल्ली एवं संभव फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम प्रतापगढ़ में पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लिया। इसके बाद आयोजित जागरूकता रैली जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम से प्रारंभ होकर मीराभवन मार्ग से होते हुए पुनः स्टेडियम परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारों एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी, क्रिकेट कोच आदित्य शुक्ला सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संभव फाउंडेशन के पदाधिकारी प्रभात पाण्डेय, युगेश तिवारी एडवोकेट, विशेष पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं युवा उपस्थित रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज की निरंतर जिम्मेदारी है, जिसे जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
