गीडा क्षेत्र के नौसड़ में पीएसी वाहन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले दो युवकों के परिजन शुक्रवार को फिर सड़क पर उतर गए। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर अमरूद मंडी के पास शव रखकर सड़क जाम कर दी। इससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
प्रशासन की ओर से पांच-पांच लाख रुपये के चेक मिलने के बाद परिजन शांत हुए। इधर, देर शाम पुलिस ने पीएसी के वाहन चालक सुनील कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। नौसड़ में बृहस्पतिवार शाम विपरीत दिशा से आ रहे पीएसी वाहन की चपेट में आकर अमित निषाद (22) और राज निषाद (17) की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया था। सूचना पर कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
शुक्रवार तड़के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। इसके बाद परिजन और पुलिस शव लेकर राजघाट के पास सुबह करीब 10: 45 बजे पहुंचे। इस दौरान परिजन शव को घर ले जाने की जिद पर अड़े रहे, जबकि पुलिस का जोर सीधे राजघाट ले जाकर अंतिम संस्कार पर था।
इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई। संभावित विरोध को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कुछ ही देर बाद राज के परिजनों ने अमरूद मंडी के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उधर, अमित के परिजनों ने भी राजघाट पुल की दूसरी ओर सड़क जाम कर दी।
इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति बिगड़ती देख एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, सीओ गीडा योगेंद्र सिंह और सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों युवकों का अंतिम संस्कार राप्ती नदी के अलग-अलग किनारों पर कराया गया। दोपहर बाद जिला प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया, जिसके बाद परिजनों का आक्रोश शांत हुआ।
वाहन चालक पर गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने अमित की मां फूलमती की तहरीर पर पीएसी वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं राज के बड़े भाई दिलीप को सह-वादी बनाया गया है।
सीओ गीडा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर देवरिया के मईल भागलपुर निवासी पीएसी वाहन चालक हेड कांस्टेबल सुनील कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी चालक को कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
