पिछोर। नगर की ठाकुर बाबा कॉलोनी में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश घर के सामने खड़ी बाइक को चुराकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ठाकुर बाबा कॉलोनी निवासी मनोज कुमार पाराशर ने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33 एमएम 6949 को 12 जून को दोपहर करीब 3:30 बजे कॉलोनी में एक मकान के सामने खड़ा किया था। शाम करीब 5 बजे लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली। काफी तलाश और आसपास पूछताछ के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पिछोर थाने में दर्ज कराई है। वहीं घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई चोरी से बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
क्षेत्र के लोगों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
