खेरागढ कस्बे के मुख्य बाजार स्थित थाना -कोतवाली खेरागढ़ के समीप दिनांक 12 जून दिन शुक्रवार रात में एक तेज रफ्तार कार कहर कार अनियंत्रित होकर श्री जी एचपी गैस एजेंसी के चबूतरे में जा घुसी। हादसे के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि करीब देर रात मुख्य बाजार स्थित श्रीजी एचपी गैस एजेंसी के बाहर बने चबूतरे से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे चबूतरे में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी घरों से बाहर निकल आए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक कुछ देर बाद वहां से चला गया। कुछ स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। हादसे में वाहन का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है तथा दोनों ओर के पहियों को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वाहन चालक की पहचान तथा दुर्घटना के समय की परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
