बकरी निकालने के दौरान फिसलकर कुएं में गिरा था युवक, एफएस यूनिट कुंडा ने सुरक्षित बाहर निकाला
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मउदारा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बकरी निकालने के प्रयास में एक युवक गहरे कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर सर्विस यूनिट कुंडा ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को जीवित एवं सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार ग्राम मउदारा निवासी विद्मा पटेल (35 वर्ष) पुत्र लल्लू पटेल, पुरुषोत्तम प्रसाद तिवारी के कुएं में गिरी बकरी को निकालने के लिए रस्सी के सहारे नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका हाथ रस्सी से छूट गया और वह कुएं में गिर गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही एफएस यूनिट कुंडा मौके पर पहुंची और विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने चेयर नॉट गांठ और सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करते हुए फायरमैन बृजेश कुमार पाण्डेय को बीए सेट पहनाकर कुएं में उतारा। उन्होंने कुएं में फंसे युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित तरीके से चेयर नॉट के सहारे बांधा और अपनी टीम की मदद से ऊपर खींच लिया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि युवक पूरी तरह सुरक्षित था। मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिस, ग्रामीणों और परिजनों ने फायर ब्रिगेड टीम की तत्परता, सूझबूझ और साहसिक कार्य की सराहना की। इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपदा और संकट की घड़ी में फायर सर्विस की टीम लोगों की जान बचाने के लिए हर समय तत्पर रहती है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
